सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसेंडी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान अभिलेखों के रखरखाव, दवा वितरण और जांच कार्यों में कमियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के आधार पर एमओआईसी और एएनएम का 15 दिन का वेतन रोकने तथा दो चिकित्सकों पर विभागीय कार्रवाई तय की गई है।
पर्चा काउंटर की जांच, दो चिकित्सकों के विरुद्ध निर्देश .निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्चा व दवा वितरण काउंटर का अवलोकन किया। मरीजों के पर्चों पर बीमारी का पूरा विवरण दर्ज न होने पर उन्होंने दो चिकित्सकों के खिलाफ निर्देश जारी किए, जिसमें एक के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई और दूसरे को स्पष्टीकरण नोटिस शामिल है। इसके साथ ही उन्होंने वार्ड में भर्ती मरीजों से मिलकर दवाओं की उपलब्धता और खानपान की स्थिति की जानकारी ली तथा ओआरएस काउंटर पर नियमानुसार वितरण और जागरूकता सुनिश्चित करने को कहा।
टीकाकरण अभिलेखों में कमी पर एएनएम पर कार्रवाई. मातृ सुरक्षा कक्ष में गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, टीकाकरण रजिस्टर और स्वास्थ्य जांच की समीक्षा की गई। टीकाकरण से जुड़े अभिलेख अद्यतन न मिलने पर संबंधित एएनएम का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। कक्ष में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा रक्तचाप जांच की प्रक्रिया और हीमोग्लोबिन परीक्षण का भी परीक्षण किया गया। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित ट्रैकिंग और समय पर देखभाल के निर्देश दिए गए।
यूनिट के रखरखाव पर एमओआईसी का वेतन रोकने का आदेश.ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति का मूल्यांकन किया गया। रिकॉर्ड व्यवस्थित न मिलने और परिसर की स्वच्छता में कमियों को देखते हुए जिलाधिकारी ने सीएमओ को एमओआईसी का 15 दिन का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि केंद्र पर आने वाले मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण सेवाएं दी जाएं और सभी विभागीय रिकॉर्ड समय से पूर्ण रखे जाएं।



0 टिप्पणियाँ